सरकारी भूमि पर अतिक्रमण रोकने को नियमित निगरानी करें अधिकारी: जिलाधिकारी गौरव कुमार

मोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार गोपेश्वर में उत्तराखंड गवर्नमेंट एसेट्स मैनेजमेंट सिस्टम (UK-GAMS) की समीक्षा बैठक लेते हुए जिले में सरकारी भूमि एवं अन्य सरकारी परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियां जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण संपत्तियां हैं। इनके संरक्षण और अतिक्रमण की रोकथाम के लिए अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि UK-GAMS पोर्टल पर प्राप्त होने वाले प्रत्येक अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच एवं सत्यापन किया जाए। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर यह सुनिश्चित करें कि अलर्ट किस सरकारी भूमि अथवा परिसंपत्ति से संबंधित है और उसकी वर्तमान स्थिति क्या है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को पोर्टल पर प्राप्त अलर्ट एवं उन पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक अलर्ट की जांच के बाद उसकी अद्यतन स्थिति पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियों से संबंधित सूचनाओं का सटीक, पारदर्शी और अद्यतन रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि मौके पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, भूमि उपयोग में परिवर्तन अथवा किसी अन्य प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी भी पोर्टल पर अपडेट की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।


