3.78 लाख रुपये की स्मैक के साथ आदतन नशा तस्कर मयूर नेगी गिरफ्तार, एसओजी अल्मोड़ा की कार्रवाई

3.78 लाख रुपये की स्मैक के साथ आदतन नशा तस्कर मयूर नेगी गिरफ्तार, एसओजी अल्मोड़ा की कार्रवाई
Spread the love

अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी अल्मोड़ा ने 12.60 ग्राम स्मैक के साथ एक आदतन नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में एसओजी टीम ने 20 सितंबर 2026 को चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान अल्मोड़ा स्थित एचडीएफसी बैंक के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 12.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मयूर नेगी उम्र 28 वर्ष, पुत्र गजेन्द्र नेगी, निवासी चम्पानौला, थाना एवं जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में प्राथमिकी संख्या 103/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ के आगे और पीछे के संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली अल्मोड़ा में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 में धारा 8/20 तथा धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम, वर्ष 2018 में धारा 323/504/506/427 भारतीय दंड संहिता तथा धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम और वर्ष 2019 में धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे शामिल हैं।

पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला और कांस्टेबल राकेश खेतवाल, एसओजी अल्मोड़ा शामिल रहे

देवभूमि खबर

Related articles