देहरादून पॉलीटेक्निक में रोजगार मेले की धूम, 81 कंपनियां शामिल, 1285 अभ्यर्थियों ने दिए इंटरव्यू

देहरादून पॉलीटेक्निक में रोजगार मेले की धूम, 81 कंपनियां शामिल, 1285 अभ्यर्थियों ने दिए इंटरव्यू
Spread the love

देहरादून, 02 अप्रैल 2026। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला में गुरुवार को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 81 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता विधायक विनोद चमोली ने की। इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

रोजगार मेले में लगभग 1600 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स का है, ऐसे में युवाओं को नई तकनीकों के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट करना होगा। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिल रही है।

विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को प्लेसमेंट मिला था और विभाग का लक्ष्य इस वर्ष शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय अधिकारी, पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles