हरिद्वार में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी के प्रेमी की हत्या के आरोप में दंपती गिरफ्तार
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिजनौर निवासी 50 वर्षीय गोपाल के रूप में हुई। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
17 सितंबर 2026 की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक के पास बिजनौर की बस के टिकट के अलावा पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जनपदों में संपर्क कर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे मृतक के परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के निकट, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में की।
मृतक के पुत्र आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 523/2026, धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इसी वर्ष नरेंद्र का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल की नरेंद्र की पत्नी से पहचान हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए। आरोप है कि गोपाल महिला पर अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का लगातार दबाव बना रहा था।
पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने पति को बताया कि गोपाल उसे लगातार फोन कर अपने साथ आने के लिए दबाव बना रहा है और अश्लील वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला के अनुसार गोपाल उसे जबरन अपने साथ संबंध बनाने के लिए भी दबाव डाल रहा था। परेशान होकर नरेंद्र ने अपनी पत्नी, अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात में महिला उसे गंगा घाट की ओर ले गई। आरोप है कि गोपाल के शराब पीने और खाना खाने के बाद सो जाने पर पहले से छिपे नरेंद्र और अन्य आरोपियों ने चापड़ और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा, कोतवाली बिजनौर, जनपद बिजनौर, उम्र 40 वर्ष तथा उसकी 36 वर्षीय पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ भी बरामद किया है। मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, उपनिरीक्षक नवीन नेगी, उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, अपर उपनिरीक्षक संदीप वर्मा, हेड कांस्टेबल संजय कुमार पाल, हेड कांस्टेबल सतीश नौटियाल, कांस्टेबल अजीत तोमर, कांस्टेबल निर्मल, कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल पवन तथा महिला कांस्टेबल शोभा शामिल रहे। सहयोगी टीम में सीआईयू प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।
