ऑपरेशन प्रहार” में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 हिरासत में, 21 ड्रंक ड्राइविंग में गिरफ्तार, लाखों का जुर्माना
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने देर रात तक छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाया।
दिनांक 02/03-04-2026 की रात्रि को पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान 14 संदिग्धों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया गया, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 7 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएस में गिरफ्तार किया गया।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डोईवाला क्षेत्र से 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 52-52 टेट्रा पैक देशी शराब तथा 310 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 21 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए। इसके अलावा 109 वाहन चालकों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर 72,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। 163 वाहन चालकों के न्यायालय चालान किए गए, जबकि यातायात उल्लंघन पर 48 और ओवरलोडिंग पर 4 वाहनों को सीज किया गया।
देर रात तक चेकिंग के दौरान 900 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जिनमें से 99 व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 24,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, पीजी, हॉस्टल और किरायेदारों के सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले 9 प्रतिष्ठान स्वामियों पर 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

