चारधाम यात्रा से पहले रुद्रप्रयाग पुलिस अलर्ट, एसपी ने बद्रीनाथ हाईवे व स्लाइडिंग जोन का किया निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने रुद्रप्रयाग मुख्यालय से लेकर चमोली सीमा स्थित कमेड़ा स्लाइडिंग जोन तक बद्रीनाथ हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक और चौकी प्रभारी घोलतीर ने अवगत कराया कि वर्ष 2022 में कमेड़ा क्षेत्र में हाईवे पूरी तरह वॉश आउट हो गया था, जिसके बाद से बरसात के दौरान यहां यातायात प्रभावित रहता है। इस पर एसपी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस बीच एसपी ने चौकी घोलतीर का औचक निरीक्षण कर चौकी भवन, भोजनालय, प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का जायजा लिया। चौकी परिसर के पीछे क्षतिग्रस्त पुश्ते को दुरुस्त कराने तथा परिसर की रंगाई-पुताई के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने चौकी में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आगामी चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल के आवास और अन्य व्यवस्थाओं का समय से आकलन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी जयवीर सिंह और प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

