ऑपरेशन प्रहार में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, रुड़की में 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद
रुड़की। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ ने गैस सिलेंडरों की जमाखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की क्षेत्र में छापेमारी कर 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं। बरामद सभी सिलेंडरों को विधिक कार्रवाई के बाद खाद्य पूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने टीमों को गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसटीएफ टीम को सूचना मिली कि रुड़की के साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ ने मौके पर छापेमारी की, जहां एक ही स्थान से 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें अधिकांश सिलेंडर ‘इंद्रा गैस’ कंपनी के बताए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया कि गैस की कमी का फायदा उठाकर सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर होटल और ढाबा संचालकों को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।
पुलिस के अनुसार उक्त सिलेंडर साउथ सिविल लाइंस निवासी जयवीर पुत्र करण सिंह द्वारा अवैध रूप से संग्रहित किए गए थे, जो मौके पर उपस्थित नहीं मिला। एसटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग के साथ मिलकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी और संजय शामिल रहे।

