केदारनाथ यात्रा 2026: 15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश, जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई

केदारनाथ यात्रा 2026: 15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश, जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई
Spread the love

रुद्रप्रयाग।आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने के मद्देनजर जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रा व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमित साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है। पेयजल, विद्युत, उरेडा, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की निगरानी लगातार की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, यात्रा मार्ग पर अधिकांश स्थानों पर सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि विद्युत लाइनों की मरम्मत कार्य प्रगति पर है। सड़कों के पैचवर्क का कार्य जारी है ताकि मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके। इसके अलावा, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी विभिन्न स्थानों पर की गई है।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि यात्रा मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निकायों को नियमित रूप से अतिक्रमण के खिलाफ चालान करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि केदारनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिले, जिससे राज्य की सकारात्मक छवि को और मजबूती मिल सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रजीत बोस, उखीमठ से आर.पी. नैथानी, अधिशासी अभियंता पेयजल संस्थान अनीश पिल्लई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles