चारधाम यात्रा से पहले पुलिस अलर्ट: एसएसपी सर्वेश पंवार ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ को और तेज करने के दिए निर्देश
पौड़ी। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जनपद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने मुख्यालय स्तर से संचालित अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की समीक्षा करते हुए इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वांछित, इनामी एवं वारंटी अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ड्रंक एंड ड्राइविंग, रैश ड्राइविंग तथा बिना नंबर प्लेट वाहनों के संचालन पर विशेष निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।
एसएसपी ने निर्देशित किया कि चेकिंग अभियान केवल रात्रि तक सीमित न रहकर प्रातःकालीन समय में भी प्रभावी ढंग से चलाया जाए। होटल, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट्स में नियमित जांच के साथ उनके संचालन की समय-सीमा का कड़ाई से पालन कराया जाए। इसके अतिरिक्त संदिग्ध व्यक्तियों एवं बाहरी असामाजिक तत्वों के सत्यापन के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। डेंजर जोन, स्लाइडिंग एरिया, बॉटल नेक और ब्लैक स्पॉट जैसे संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र सुधार कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर चयनित पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने, दिशा सूचक बोर्ड लगाने और यातायात नियमों से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
भीड़ प्रबंधन के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, शेड और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही श्रीनगर और लक्ष्मणझूला जैसे प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

