पेंशन अपडेट के नाम पर 10 लाख की ठगी, STF ने पश्चिम बंगाल से आरोपी को किया गिरफ्तार

पेंशन अपडेट के नाम पर 10 लाख की ठगी, STF ने पश्चिम बंगाल से आरोपी को किया गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेंशन अपडेट कराने के नाम पर साइबर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में देहरादून निवासी एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी से 10 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधियों ने स्वयं को भारतीय स्टेट बैंक का अधिकारी बताकर पीड़ित से संपर्क किया और पेंशन अपडेट कराने के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर करवा ली।

मामले में साइबर थाना देहरादून में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी जीतेन प्रतापति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित से HRMS डिटेल्स प्राप्त की और YONO ऐप के माध्यम से खाते में लॉगिन कर दो चरणों में 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इसमें से 5 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर हुए थे।

एसटीएफ टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जीतेन प्रतापति (31) निवासी बारानगर, उत्तरी 24 परगना, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया। उसे विधिक प्रक्रिया के तहत उत्तराखण्ड लाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी पूर्व में की जा चुकी है।

कार्रवाई में निरीक्षक त्रिभुवन रौतेला, अपर उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक सुमेर सिंह तथा साइबर तकनीकी टीम शामिल रही।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि अंजान कॉल या वीडियो कॉल पर किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी वित्तीय साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

देवभूमि खबर

Related articles