उत्तराखण्ड STF की बड़ी कार्रवाई, पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का ₹25 हजार का इनामी शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार
देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने चर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रुद्रपुर क्षेत्र से संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान दबोचा गया।
यह गिरफ्तारी राज्य में फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है। STF के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब 9 बजे आई-10 कार में सवार बदमाशों ने पहले उन्हें घर से बाहर बुलाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल धामी ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। इस वारदात के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब ₹4 लाख की सुपारी दी गई थी। मामले में 7 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई, जिनमें से 6 पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे।
एसएसपी STF अजय सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। बीते एक माह से टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।उन्होंने बताया कि तड़के विश्वसनीय सूचना मिलने पर STF और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित (32 वर्ष), निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश), के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। STF ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

