ऑपरेशन प्रहार में दून पुलिस की बड़ी सफलता, फायरिंग करने वाला अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार
ऋषिकेश। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखाई दे रहा है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने गिरफ्तारी से बचने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग भी की।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन से खुलासा
दिनांक 07 अप्रैल 2026 की रात्रि में ऋषिकेश पुलिस जंगलात बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्रसारित कर पीछा शुरू किया।
पीछा करने पर फायरिंग, पुलिस ने दबोचा
भागते समय वाहन काली मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गया। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायर किया, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी गाड़ी की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी प्लेट लगा रखी थी।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान पुत्र इदरीश (22 वर्ष), निवासी ग्राम सुडाका, जिला नूह (हरियाणा) बताया। उसने स्वीकार किया कि एक माह पूर्व अपने साथी के साथ मिलकर ऋषिकेश क्षेत्र से एक डंपर चोरी किया था और उसे मेवात ले गया था। इस बार वह दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए रैकी करने आया था।
अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध असलहे की बरामदगी के मामले में धारा 109/340 बीएनएस और 3/5 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा उसके फरार साथी की तलाश और चोरी किए गए डंपर की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

