प्रतिनियुक्ति पर तैनात शिक्षकों की होगी वापसी, एक सप्ताह में मांगी गई सूची

प्रतिनियुक्ति पर तैनात शिक्षकों की होगी वापसी, एक सप्ताह में मांगी गई सूची
Spread the love

देहरादून, 08 अप्रैल 2026: उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतिनियुक्ति एवं अटैचमेंट पर कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कार्मिकों की अब मूल तैनाती पर वापसी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (CEO) को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत सूची शिक्षा महानिदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभाग में मानव संसाधनों के बेहतर उपयोग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न विद्यालयों, विभागीय कार्यालयों और अन्य विभागों में लंबे समय से तैनात कार्मिकों का पूरा ब्यौरा मांगा गया है।

मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जिन कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति या अटैचमेंट तीन वर्ष से अधिक समय से है, उनकी विशेष समीक्षा की जाएगी। यदि उनकी तैनाती आवश्यक नहीं पाई जाती है, तो उन्हें तत्काल प्रभाव से मूल तैनाती स्थल पर भेजा जाएगा। हालांकि, दिव्यांग या विशेष परिस्थितियों में तैनात कार्मिकों को इस प्रक्रिया से छूट दी जा सकती है।

डॉ. रावत ने कहा कि कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की शिकायतें मिलती हैं, जबकि बड़ी संख्या में शिक्षक अन्यत्र तैनात हैं। ऐसे में उनकी वापसी से स्कूलों में शिक्षण कार्य सुदृढ़ होगा और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्मिकों का नाम, पद, मूल तैनाती, वर्तमान कार्यस्थल, प्रतिनियुक्ति अवधि और कारण सहित पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या तथ्य छिपाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। यह कदम प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, अनुशासित और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

देवभूमि खबर

Related articles