ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: जम्मू-कश्मीर तक हथियार सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, भारी असलहा बरामद

ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: जम्मू-कश्मीर तक हथियार सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, भारी असलहा बरामद
Spread the love


सितारगंज/रुद्रपुर।“भयमुक्त/अपराधमुक्त उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय अवैध असलाह तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसओजी रुद्रपुर और कोतवाली सितारगंज पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार से जा रहे दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। भागने की कोशिश में वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरेन्द्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा उर्फ रानू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2 पोनिया 12 बोर राइफल, 1 रिवॉल्वर, 2 तमंचे और कुल 344 कारतूस (जिंदा व खोखा) बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे और जम्मू-कश्मीर तक हथियार भेजे जाते थे। साथ ही, यह भी सामने आया कि पुलभट्टा क्षेत्र के कुछ अन्य व्यक्तियों के माध्यम से यह नेटवर्क संचालित हो रहा था।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में भी FIR संख्या 169/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा बरामद हथियारों को सील कर कब्जे में लिया गया है और आरोपियों के नेटवर्क की गहन जांच जारी है। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए मोबाइल, कॉल डिटेल और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जबकि अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध असलहा तस्करी और संगठित अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles