पिथौरागढ़ में विद्यालय का मैजिकल शो बंद, डीएम ने अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
पिथौरागढ़। जनपद के एक विद्यालय में चल रहे मैजिकल शो पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्यक्रम बंद करा दिया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत को तुरंत हस्तक्षेप के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर संबंधित विद्यालय में आयोजित मैजिकल शो को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। साथ ही इस प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक और मानसिक विकास के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जनपद के सभी निजी और राजकीय विद्यालयों में गतिविधियों की सघन निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि भविष्य में इस तरह की अनियमितता मिलने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

