लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास, एक ही स्थान पर मिलेंगी समेकित सुविधाएं

लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास, एक ही स्थान पर मिलेंगी समेकित सुविधाएं
Spread the love

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत विभिन्न आवश्यक सुविधाओं से युक्त भवनों का निर्माण किया जाएगा।

प्रस्तावित भवनों में प्रथम भवन में समेकित डिस्पेंसरी बनाई जाएगी, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्ष होंगे। दूसरे भवन में सूचना परिसर एवं कैफेटेरिया, तीसरे में लोक निर्माण विभाग कार्यालय तथा चौथे भवन में उद्यान विभाग कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इन सभी भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इन भवनों के निर्माण से लोक भवन परिसर में विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। इससे कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को भी त्वरित और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह बहुउद्देशीय अवसंरचना सुशासन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के होने से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं शीघ्र मिलेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप निर्माण से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय संसाधनों व कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles