डिजिटल एंपॉवरमेंट पर जोर, मुख्यमंत्री धामी से “इंडिया डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट” के आयोजकों की भेंट
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी और साइंस से जुड़े इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से प्राप्त सुझाव राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देंगे।
उन्होंने उत्तराखण्ड की सामरिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में प्रतिवर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण कई आकर्षक पर्यटन स्थल मौजूद हैं। फिल्म शूटिंग के लिए भी अनुकूल वातावरण है, जिससे इस क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। साथ ही औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने उत्तराखण्ड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी जोर देते हुए कहा कि राज्य के सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कंट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेजीडेंट ज्योति माल्दे, नेटफॉर चॉइस डाटा सेंटर के फाउंडर समीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

