ऑपरेशन प्रहार में टिहरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, फर्जी बिजली अधिकारी बन ठगी करने वाला आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
टिहरी । एसएसपी श्वेता चौबे के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को लमबगांव पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को वादी महेश सिंह रावत निवासी ग्राम हैरवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर एक फर्जी लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से ₹2,59,500 की धनराशि निकाल ली गई।
मामले में थाना लमबगांव में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन झारखंड में चिन्हित की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 14 अप्रैल 2026 को शिवम कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी बागबेडा, जमशेदपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो लोगों के बैंक खाते खुलवाकर कमीशन के बदले ठगी की रकम का लेन-देन करता है। मामले में आईटी एक्ट की धारा 66(डी) भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर टिहरी लाया जा रहा है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराम एवं कांस्टेबल अमजद खान शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और स्वयं को सरकारी अधिकारी बताने वाले कॉल या संदेशों से सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में सूचना दें।

