नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज, 19 अप्रैल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का ऐलान
देहरादून। नर्सिंग एकता मंच, उत्तराखंड द्वारा अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन अब और तेज होने जा रहा है। मंच ने 19 अप्रैल 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।
अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि मंच पिछले 133 दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। इसमें प्रदेश के समस्त नर्सिंग अभ्यर्थी लगातार भागीदारी कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है।
मंच की प्रमुख मांगों में नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की भांति वर्षवार आधार पर संचालित करना तथा IPHS मानकों के अनुरूप प्रदेश के अस्पतालों में कम से कम 2000 पदों पर भर्ती सुनिश्चित करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में कई विसंगतियां सामने आई हैं, जिससे अभ्यर्थियों के साथ असमानता हो रही है। कुछ वर्गों का चयन वर्ष 2020-21 तक की वरिष्ठता के आधार पर हो चुका है, जबकि सामान्य वर्ग के कई अभ्यर्थी अभी तक चयन से वंचित हैं।
नर्सिंग एकता मंच ने कहा कि अब तक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के बावजूद लगातार अनदेखी के कारण आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया है।
मंच ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही आमजन से भी नर्सिंग अभ्यर्थियों के समर्थन की अपील की गई है।

