उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई दिशा, 5 वर्षीय मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन

उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई दिशा, 5 वर्षीय मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार आगामी 5 वर्षों (2026-2031) के कार्यों से संबंधित मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मास्टर प्लान पुस्तिका राज्य के बुनियादी ढांचे को सशक्त, सुरक्षित और भविष्य उन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में यह विजन डॉक्यूमेंट अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के कार्यों में तेजी आई है और बीते वर्षों में सड़कों का व्यापक विस्तार हुआ है। राज्य सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नवाचार आधारित विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से पर्यटन हब के रूप में उभर रहा है, ऐसे में पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दी जा रही है।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग स्पष्ट विजन के साथ कार्य कर रहा है और राज्य में कनेक्टिविटी तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को निरंतर गति दी जा रही है।

सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मास्टर प्लान में 100 से अधिक परियोजनाओं का विजन शामिल है। इसमें रोड कनेक्टिविटी, इकोनॉमी हब कनेक्टिविटी, ब्रिज डेवलपमेंट, सड़क सुरक्षा, स्लोप प्रोटेक्शन, टेक्नोलॉजी, वित्तीय प्रबंधन और नीति निर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया गया है।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद श्री विश्वास डाबर, प्रमुख अभियंता श्री राजेश चन्द्र शर्मा, मुख्य अभियंता श्री रणजीत रावत एवं श्री राजेन्द्र सयाना, अधीक्षण अभियंता श्री मनोज बिष्ट एवं श्री अरूण पाण्डेय, अधिशासी अभियंता श्री बी.एन. द्विवेदी, श्री राजेश कुमार एवं श्री नीरज त्रिपाठी सहित लोक निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles