ऑपरेशन प्रहार: अल्मोड़ा में स्पा सेंटरों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो प्रबंधकों पर जुर्माना
अल्मोड़ा।जनपद में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अल्मोड़ा पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए होटल, स्पा सेंटर, रेस्टोरेंट, सराय एवं आश्रमों की जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य अनियमितताओं पर रोक लगाना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में 18 अप्रैल 2026 को कोतवाली अल्मोड़ा एवं महिला कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच की गई। इस दौरान एसएसआई रमेश बोरा और महिला उपनिरीक्षक बीना दोसाद की टीम ने व्यवस्थाओं और वैधानिक मानकों का गहन निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान M/S Seven Heaven Spa और Blue Sky Relax Spa में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। यहां ग्राहकों का कोई विधिवत रजिस्टर नहीं रखा जा रहा था, न ही पहचान पत्र लिए जा रहे थे। इसके अलावा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए दोनों स्पा सेंटरों के प्रबंधकों—नेहा मिश्रा और वीरेंद्र सिंह—के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत 5-5 हजार रुपये का चालान किया गया।
पुलिस ने स्पा संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में सभी आवश्यक अभिलेखों का सही रखरखाव करें, ग्राहकों की पहचान सुनिश्चित करें और कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

