अल्मोड़ा में काफलिगैर–कनारीछीना लिंक सड़क बदहाल, हादसे का खतरा बढ़ा
अल्मोड़ा।अल्मोड़ा-रीठागाड़ क्षेत्र की काफलिगैर–कनारीछीना लिंक सड़क मार्ग की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नौगांव से कनारीछीना तक करीब दो किलोमीटर का यह मार्ग पांच वर्ष पूर्व बनाया गया था, लेकिन समय के साथ इसकी स्थिति जर्जर हो चुकी है।
बरसात के दौरान सड़क पर बार-बार मलबा आने से मार्ग बाधित हो जाता है। दो वर्ष पहले रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के अध्यक्ष बहादुर सिंह डसीला के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी लगाकर मलबा हटाया गया था, लेकिन अब फिर से सड़क खस्ताहाल हो गई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप सिंह नेगी और बहादुर सिंह डसीला ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या से अवगत कराया है। अधिकारियों ने सड़क की स्थिति का वीडियो और लोकेशन मांगी, लेकिन अब तक मलबा हटाने या मरम्मत के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस मार्ग से आम जनता के साथ-साथ नौगांव इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी आवाजाही करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क केवल नौगांव से कनारीछीना तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके सुधारीकरण से अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

