भाजपा पर कांग्रेस का हमला: गणेश गोदियाल बोले—जनता को झूठ परोसकर देश को भ्रमित किया जा रहा

भाजपा पर कांग्रेस का हमला: गणेश गोदियाल बोले—जनता को झूठ परोसकर देश को भ्रमित किया जा रहा
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर देश की जनता को भ्रमित करने और झूठा नैरेटिव बनाने का आरोप लगाया है। रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हाल के समय में “राष्ट्र के नाम संदेश” जैसे गरिमामयी मंच का राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि पहले यह मंच केवल आपातकालीन स्थितियों या बड़े राष्ट्रीय निर्णयों के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन अब इसे विपक्ष पर आरोप लगाने के लिए प्रयोग किया जा रहा है। गोदियाल ने इसे देश के संसाधनों का दुरुपयोग बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।

भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी हित को राष्ट्रहित से ऊपर रखा जा रहा है, जो चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक ऐसा माहौल बना रही है, जहां बिना सोच-समझ के हर नीति का समर्थन कराया जा रहा है, भले ही वह देशहित में न हो।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही संसद से पारित होकर कानून बन चुका है। उन्होंने कहा कि परिसीमन संशोधन विधेयक को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है और भाजपा जनता को गुमराह कर रही है।

गोदियाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला हितैषी है तो राज्य की नौकरियों और संस्थानों में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करे।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा के कथित भ्रामक अभियान का मजबूती से विरोध करती रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles