स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई तेज होगी: गणेश गोदियाल
देहरादून।प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक में गणेश गोदियाल की उपस्थिति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया गया।
अपने संबोधन में गोदियाल ने कहा कि देश आज जिन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण आज़ाद है, उसी देश में उनके आदर्शों और मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर रहे हैं, जो देश की मूल भावना के खिलाफ है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सशक्त आवाज उठाएं तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बताए मार्ग पर चलते हुए संगठन को मजबूत करें। बैठक में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया।
बैठक के दौरान प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत ने संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए मांग की कि आगामी चुनावों में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को प्राथमिकता दी जाए और उनकी समस्याओं के समाधान को घोषणापत्र में शामिल किया जाए।
इस अवसर पर कई प्रमुख पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

