भीमताल के ज्योली गांव में गुलदार का आतंक: महिला को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश

भीमताल के ज्योली गांव में गुलदार का आतंक: महिला को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल। भीमताल ब्लॉक के ज्योली गांव में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी हेमा पांडे (47) मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं, तभी गुलदार ने उन पर हमला कर उन्हें घसीटते हुए जंगल में ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। साथ गई महिलाओं ने गांव लौटकर परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग जंगल में खोजबीन के लिए पहुंचे। काफी तलाश के बाद घर से करीब दो किलोमीटर दूर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस बीच, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, जो एक बैठक में व्यस्त थे, घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे और मृतक परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि बीते एक वर्ष में भीमताल क्षेत्र में इस तरह की 9-10 घटनाएं हो चुकी हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदमखोर गुलदार से ग्रामीणों को निजात दिलाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मांग की कि जल्द से जल्द हमलावर गुलदार को पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए। देर रात तक ग्रामीणों और ब्लॉक प्रमुख द्वारा शव के साथ धरना प्रदर्शन जारी रहा।

वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही क्षेत्र में पिंजरे लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई गई है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

देवभूमि खबर

Related articles