अल्मोड़ा में आशा फैसिलेटरों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा

अल्मोड़ा में आशा फैसिलेटरों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा
Spread the love

अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत आशा फैसिलेटरों के एक शिष्टमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

आशा फैसिलेटरों का कहना है कि वे वर्ष 2006 से आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए पूरे प्रदेश में उनकी योग्यता के आधार पर 15 से 30 आशाओं पर एक फैसिलेटर की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने बताया कि एक आशा फैसिलेटर के अधीन 15 से 20 ग्राम पंचायतें आती हैं, जहां वे पूरे महीने निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करती हैं। इसके बावजूद उन्हें मात्र 25 दिनों का मानदेय दिया जाता है, जो बेहद कम है।

आशा फैसिलेटरों ने मांग की है कि राज्य प्रोत्साहन राशि, जो वर्तमान में 2000 रुपये है, उसे बढ़ाकर 5000 रुपये किया जाए। इसके अलावा सर्दी और गर्मी के लिए अलग-अलग पोशाक उपलब्ध कराए जाने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष श्यामा रावत, उपाध्यक्ष ममता वर्मा, कोषाध्यक्ष रेखा आर्या और रेखा पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles