रुद्रपुर में डीएम की सख्ती: लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण और राजस्व वसूली के कड़े निर्देश

रूद्रपुर। नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक के दौरान उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित न्यायालय लगाकर लंबित वादों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए बकायेदारों से कड़ाई से वसूली सुनिश्चित करने और शीर्ष 10 बड़े बकायेदारों की सूची तहसीलों में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिस और प्रशासन को जनपद में गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियोजन पक्ष को न्यायालयों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
डीएम ने पोक्सो मामलों की विवेचना में कमियों की चेकलिस्ट तैयार कर अन्य मामलों में उसका उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी कठिनाई के समाधान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने आबकारी विभाग को कच्ची शराब और अवैध मदिरा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए। वहीं, नदियों में संभावित बाढ़ को देखते हुए रिवर ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन कार्य वर्षाकाल से पहले पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, जन समर्पण पोर्टल, आयोग संदर्भ, रिट याचिका, ऑडिट आपत्तियों और पेंशन प्रकरणों की रिपोर्ट समय सीमा में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने और शिकायतकर्ता से सीधे संवाद करने को कहा।
उन्होंने एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी 25 अप्रैल से 24 मई तक चलने वाले जनगणना अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने और प्रतिदिन पोर्टल पर डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय, राहुल साह, सीओ प्रशान्त कुमार, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, पूजा नयाल, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एलएम पाण्डे सहित तहसीलदार व सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

