डिजिटल क्रॉप सर्वे में लापरवाही पर डीएम सख्त, एक सप्ताह में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालय एनआईसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कृषि, उद्यान और गन्ना विकास विभाग द्वारा किसानों के खसरा-खतौनी के डिजिटल सर्वे की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में ढिलाई बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि किसानों की खसरा-खतौनी का अंश/हिस्सा निर्धारण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए। साथ ही प्रमाण पत्रों को समयबद्ध तरीके से जारी करने और सीएचसी केंद्रों के माध्यम से बनने वाले आधार कार्ड व अन्य प्रमाण पत्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने देने के लिए नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।
आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी ने मानसून से पहले संवेदनशील एवं जलभराव क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों, गदेरों और कलमठों की समय से सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र सेठ, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

