केदारनाथ धाम में सक्रिय जेबकतरा गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

केदारनाथ धाम में सक्रिय जेबकतरा गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रप्रयाग पुलिस ने चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए केदारनाथ धाम में यात्रियों को निशाना बना रहे जेबकतरा गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

घटना 25 अप्रैल 2026 की है, जब चौकी केदारनाथ में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी अपनी टीम के साथ घोड़ापड़ाव क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन कुमार और सन्नी कुमार, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से यात्रियों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पर्स, हैंडबैग, ₹5,450 नकद और लुधियाना से ऋषिकेश का रेलवे टिकट बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों और दर्शन कतारों में वे यात्रियों के पीछे खड़े होकर मौका देखकर चोरी करते थे। गिरोह का एक सदस्य घायल हाथ का सहारा लेकर संदेह से बचता था, जबकि अन्य सदस्य सामान लेकर तुरंत फरार हो जाते थे।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सोनप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 112 और 313 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles