टिहरी में “गौ सम्मान अभियान” की गूंज, गौ संरक्षण को लेकर निकली विशाल रैली

टिहरी में “गौ सम्मान अभियान” की गूंज, गौ संरक्षण को लेकर निकली विशाल रैली
Spread the love

टिहरी ।टिहरी में “गौ सम्मान अभियान” के तहत एक विशाल जनआंदोलन देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सरोजिनी चमोली, विक्रम कठैत एवं कुलदीप पंवार के नेतृत्व में हनुमान चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक भव्य रैली निकाली गई।

यह रैली गौमाता के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जनभावनाओं की मजबूत अभिव्यक्ति बनकर सामने आई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सड़कों पर बेसहारा घूम रही गायें, दुर्घटनाओं में उनकी मौत और उचित देखभाल के अभाव जैसी समस्याएं गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं।
रैली के दौरान कुलदीप पंवार ने कहा कि सनातन संस्कृति में पूजनीय स्थान रखने वाली गौमाता आज उपेक्षा का शिकार हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ संरक्षण के नाम पर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने इसे आस्था के साथ-साथ संस्कृति और पहचान का मुद्दा बताया।

इस अभियान में बड़ी संख्या में गौसेवकों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपते हुए गौमाता को राष्ट्रीय माता घोषित करने, गौमांस पर सख्त नियंत्रण और बेसहारा गौवंश के लिए आश्रय, चिकित्सा एवं संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था की मांग की।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि “गौ सम्मान अभियान” एक निरंतर चलने वाला जनजागरण अभियान है, जिसे गांव-गांव और शहर-शहर तक विस्तारित किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles