नैनीताल में वरिष्ठ अधिवक्ता ने खुद को मारी गोली, शहर में शोक की लहर

नैनीताल में वरिष्ठ अधिवक्ता ने खुद को मारी गोली, शहर में शोक की लहर
Spread the love

नैनीताल । सरोवर नगरी नैनीताल में उस समय सनसनी फैल गई जब जिलाधिकारी कार्यालय के समीप स्थित कार पार्किंग में वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव उनकी कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिवक्ता ने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्किंग क्षेत्र में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग मौके की ओर दौड़े। हालांकि लोगों के पहुंचने से पहले ही अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कार के अंदर अधिवक्ता के हाथ में पिस्टल बरामद हुई।

पुलिस को वाहन से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों के अनुसार इसमें अधिवक्ता ने अपनी गंभीर बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है तथा कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से अपनी पत्नी का ख्याल रखने की अपील की है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालय परिसर सहित पूरे नैनीताल में शोक की लहर दौड़ गई।

देवभूमि खबर

Related articles