रोमियो बार प्रकरण पर जनसंघर्ष मोर्चा का आरोप, आईजी पर संरक्षण देने का दावा
विकासनगर ।जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रेस वार्ता में देहरादून स्थित एक बार प्रकरण को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देर रात तक संचालित हो रहे बार को कथित रूप से आईजी स्तर के अधिकारी का संरक्षण प्राप्त है, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
नेगी ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान आईजी द्वारा हस्तक्षेप किया गया और कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा बार की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए।
मोर्चा ने यह भी कहा कि निर्धारित समय के बाद संचालित होने वाले बारों के कारण पूर्व में कई घटनाएं और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए इस पर सख्त नियंत्रण जरूरी है।
प्रेस वार्ता में मोर्चा ने सीओ सिटी प्रमोद कुमार और पुलिस कप्तान परमिंदर डोभाल की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नियमों के पालन को लेकर सख्ती दिखाई।
मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह इस मामले को शासन स्तर पर उठाएगा।
इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।

