कृषि मंत्री गणेश जोशी की समीक्षा बैठक, योजनाओं में तेजी और किसानों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश

कृषि मंत्री गणेश जोशी की समीक्षा बैठक, योजनाओं में तेजी और किसानों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एप्पल मिशन के अंतर्गत सत्यापन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही रूफ टॉप गार्डेनिंग को बढ़ावा देने के लिए अन्य राज्यों के सफल मॉडलों का अध्ययन करने को कहा।

उन्होंने प्रदेश में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके अलावा पॉलीहाउस निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने मई माह के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित ‘विकसित कृषि संकल्प यात्रा (खरीफ)’ के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही देहरादून में मई के अंत में प्रस्तावित उद्यान विभाग के एक्सपो की तैयारियों को भी समय पर पूरा करने को कहा गया।

गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में आयोजित होने वाली खरीफ गोष्ठियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पांडेय, अपर सचिव डॉ. आनंद श्रीवास्तव, महानिदेशक वंदना सिंह, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, निदेशक रेशम प्रदीप कुमार, सीईओ उद्यानिकी बोर्ड नरेंद्र यादव और बागवानी निदेशक महेंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles