दून पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, संभल से एक आरोपी गिरफ्तार

दून पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, संभल से एक आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून ।ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कैंट क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया गया है।

प्रकरण में 23 अप्रैल 2026 को वादी आनंद सिंह डूंगरियाल निवासी कैंट ने थाना कैंट में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से ज्वैलरी और नगदी चोरी कर ली। इस पर थाना कैंट में मु0अ0सं0 71/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की। सुरागरसी, पतारसी, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से पुलिस को संभल (उत्तर प्रदेश) के एक गिरोह की संलिप्तता की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 04 मई 2026 को संभल से आरोपी मोहम्मद शान (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और ₹5,000 नगद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने गांव के एक व्यक्ति और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। सभी आरोपी दो बाइकों से देहरादून आए थे और दिन में बंद मकानों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी अलग-अलग रास्तों से वापस संभल लौट गए और चोरी का माल आपस में बांट लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का सरगना अन्य राज्यों में भी कई आपराधिक मामलों में वांछित है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

देवभूमि खबर

Related articles