देहरादून में मासिक अपराध गोष्ठी: एसएसपी ने कानून व्यवस्था, यातायात और ‘ऑपरेशन प्रहार’ पर दिए सख्त निर्देश
देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, चारधाम यात्रा और वीकेंड पर्यटक सीजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी में वीकेंड के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर एवं यातायात को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। आशारोडी से मसूरी तक मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टरवार व्यवस्था लागू करने, ड्रोन से निगरानी रखने और मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
एसएसपी ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सभी थाना प्रभारियों को सत्यापन अभियान चलाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रात्रि में संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ और नियम उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई पर जोर देते हुए साक्ष्यों के शीघ्र संकलन और समयबद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अदालत में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने तथा सर्विलांस सहित सभी माध्यमों का उपयोग कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराजगी जताई गई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अतिरिक्त निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आदतन अपराधियों के खिलाफ अधिकतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिथिलता बरतने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने, सुगम यातायात और सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए सभी अधिकारियों को पूर्ण गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

