SSC परीक्षा नकल गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रिमोट एक्सेस से कराता था चीटिंग

SSC परीक्षा नकल गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रिमोट एक्सेस से कराता था चीटिंग
Spread the love

देहरादून।दून में आयोजित SSC परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को सहारनपुर से पकड़ा गया, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसटीएफ के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान महादेवी कन्या पाठशाला केंद्र पर रिमोट एक्सेस तकनीक का इस्तेमाल कर नकल कराई जा रही थी। मामले में 14 फरवरी को कोतवाली नगर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच एसटीएफ को सौंपी गई।

जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह का सरगना शुभम भटनागर अपने “महादेव डिजिटल लैब” के माध्यम से परीक्षा में अभ्यर्थियों को रिमोटली नकल कराता था। इसके लिए लैब के पास यूपीएस रूम में अंडरग्राउंड चेंबर बनाकर तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इस मामले में एसटीएफ पहले ही गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे अब सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है। एसटीएफ का कहना है कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का लालच देकर चयन होने पर ग्रेड पे के हिसाब से मोटी रकम वसूलता था।

राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त अभियान चलाया जा रहा है। एसटीएफ ने संकेत दिए हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles