मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ में उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का किया लोकार्पण, खिलाड़ियों संग खेलकर बढ़ाया उत्साह
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान श्री सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया तथा इसे जनपदवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्रिकेट पिच पर स्वयं बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर पिच का औपचारिक उद्घाटन किया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के साथ उनका आत्मीय और उत्साहपूर्ण अंदाज देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों एवं युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने फुटबॉल, हॉकी एवं अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त जरिया भी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और उन्हें नशे से दूर रहकर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से राज्य में चल रहे नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया तथा खेलों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के माध्यम से उदीयमान खिलाड़ियों को हर संभव सहायता दी जा रही है ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार हेतु लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि इस क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

