केदारनाथ यात्रा से लौट रही गुमशुदा महिला को हरिद्वार पुलिस ने बिहार से सकुशल बरामद किया
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने केदारनाथ धाम यात्रा से लौटते समय लापता हुई महिला को बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया। महिला के परिजनों ने उसकी तलाश के लिए सोशल मीडिया पर भी गुहार लगाई थी।
जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को शिकायतकर्ता मनीष अग्रहरि निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश ने कोतवाली लक्सर में सूचना दी थी कि उनकी पत्नी प्रज्ञा (28 वर्ष) का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 430/26 दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए Navneet Singh के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में थाना पुलिस एवं एसओजी रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मैनुअल एवं तकनीकी सहायता से लगातार खोजबीन करते हुए संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। अथक प्रयासों के बाद महिला को बेगूसराय, बिहार से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ केदारनाथ घूमने गई थी। वापसी के दौरान देहरादून में दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद ट्रेन यात्रा के दौरान वह पति से अलग होकर चली गई।
महिला की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में परिजनों की सहायता लें और बिना सूचना कहीं जाना उचित निर्णय नहीं है।
इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, रियाज अली, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह बिष्ट, महिला कांस्टेबल रीतू शर्मा एवं एसओजी रुड़की टीम शामिल रही।

