पुलिस से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाला आरोपी कार सहित गिरफ्तार
नैनीताल। नैनीताल पुलिस ने पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले एक आरोपी को कार सहित गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों या लोकसेवकों के साथ अभद्रता एवं सरकारी कार्य में व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 की रात को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिकोनिया स्थित ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया।
वाहन का चालान किए जाने के दौरान कार चालक ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” की धमकी दी। इसके बाद वह पुलिस के निर्देशों की अवहेलना कर वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मामले में उपनिरीक्षक आरती की तहरीर पर 11 मई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की सहायता से फरार आरोपी लवजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 को भी कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ग्राम भवान सिंह नवाड़, लालकुआं के रूप में हुई है।
एसएसपी नैनीताल ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

