ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 किलो अवैध पोस्त बरामद

ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 किलो अवैध पोस्त बरामद
Spread the love

टिहरी । टिहरी पुलिस द्वारा नशे एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली चंबा पुलिस ने अवैध अफीम खेती और पोपी/पोस्त बरामदगी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे को 10 मई 2026 को अवैध अफीम एवं पोपी/पोस्त की सूचना प्राप्त हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक चंबा विपिन बहुगुणा को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।

11 मई 2026 को पुलिस, राजस्व विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने हटवाल गांव क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन खेतों में अवैध अफीम की खड़ी फसल तथा पांच खेतों में कटी हुई पोस्त की फसल बरामद हुई। राजस्व अभिलेखों के अनुसार उक्त भूमि अभियुक्त अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह एवं अन्य के नाम संयुक्त रूप से दर्ज पाई गई।

छापेमारी के दौरान अभियुक्त के घर के बाहर रखे दो प्लास्टिक कट्टों से लगभग 22 किलोग्राम अवैध पोपी/पोस्त बरामद की गई। इसमें 3 किलो 638 ग्राम सूखी पोपी डोडा तथा 18 किलो 480 ग्राम कच्ची पोपी डोडा शामिल है। बरामद सामग्री को सील कर कब्जे में लिया गया तथा परीक्षण हेतु नमूने सुरक्षित किए गए।

पूछताछ में अभियुक्त के परिजनों ने बताया कि अवैध खेती एवं बरामद पोस्त अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह द्वारा ही की जा रही थी। आरोपी मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश जारी है।

तहसीलदार धीरज राणा ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 48 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए मौके पर खड़ी अवैध अफीम की फसल को नष्ट करवाया। संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
मामले में अभियुक्त अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह निवासी हटवाल गांव, पट्टी सकलाना, टिहरी गढ़वाल के विरुद्ध कोतवाली चंबा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18/46 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक मनोज ममंगाई, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र नेगी, उपनिरीक्षक जय कुमार, तहसीलदार धीरज राणा, राजस्व उपनिरीक्षक राकेश सेमवाल सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की सूचना पुलिस को देकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।

देवभूमि खबर

Related articles