ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक साल से फरार वारंटी देहरादून से गिरफ्तार
टिहरी । टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक वर्ष से फरार चल रहे वारंटी को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के सख्त निर्देशों के बाद जनपद में वांछित अभियुक्तों और वारंटियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नई टिहरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने फौजदारी वाद संख्या 14/2024, 1101/2023 एवं 1102/2023 धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित वारंटी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त विभिन्न मामलों में वादी को लाखों रुपये की चपत लगाकर पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार सुरागरसी, पतारसी एवं दबिश की कार्रवाई करते हुए 11 मई 2026 को देहरादून क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार वारंटी की पहचान शैलेश डिमरी पुत्र रामेश्वर प्रसाद डिमरी निवासी मकान संख्या-294, अजबपुर कला, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन डिमरी एवं कांस्टेबल नीरज चौहान शामिल रहे।

