डॉ. वी. मुरूगेशन की मौजूदगी में 1200 से अधिक छात्रों ने जागरूकता अभियान में किया प्रतिभाग

डॉ. वी. मुरूगेशन की मौजूदगी में 1200 से अधिक छात्रों ने जागरूकता अभियान में किया प्रतिभाग
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा देहरादून स्थित St. Joseph’s Academy में साइबर सुरक्षा, भ्रष्टाचार जागरूकता एवं नशा उन्मूलन विषयों पर वृहद जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न निजी एवं सरकारी विद्यालयों के कक्षा 9 से 11 तक के 1200 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वी मुरूगेशन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से तकनीक का उपयोग जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता अंकुश मिश्रा ने छात्रों को बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, केवाईसी स्कैम, सिम स्वैप फ्रॉड और साइबर स्टॉकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 और भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन 1064 की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की उपनिरीक्षक प्रेरणा चौधरी ने नशा उन्मूलन सत्र का संचालन करते हुए छात्रों को मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं को आत्म-अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

उत्तराखण्ड पुलिस ने कहा कि युवाओं को सामाजिक चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए ऐसे जनजागरूकता अभियान भविष्य में भी राज्यभर के शिक्षण संस्थानों में लगातार चलाए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles