एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने किया पुलिस लाइन नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस कल्याण पर दिया जोर

एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने किया पुलिस लाइन नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस कल्याण पर दिया जोर
Spread the love

नैनीताल। मंजूनाथ टी सी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस कल्याण, अनुशासन और संसाधनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, जबकि कमियों पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने पुलिस परिवारों की सुविधा को देखते हुए राशन शॉप का समय सुबह 7 बजे से बदलकर 6:30 बजे करने के निर्देश दिए। साथ ही कैंटीन में मडवा, झींगोरा और लाल चावल जैसे स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने को कहा। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट की भी जांच की गई।

पुलिस कर्मियों के परिजनों की सुविधा के लिए “मोबाइल सीपीसी कैंटीन” शुरू करने की घोषणा की गई। इसके तहत सप्ताह में एक बार पुलिस कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कैंटीन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

वाहनों के निरीक्षण के दौरान तल्लीताल और मल्लीताल के वाहनों में सर्च लाइट न मिलने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई और तत्काल नई सर्च लाइट लगाने के निर्देश दिए। शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान हथियारों, गोला-बारूद और एंटी रायट उपकरणों की जांच एवं फायरिंग टेस्ट भी किया गया।

एसएसपी ने बैरकों, मैस और पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन और बेहतर वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस जिम के कायाकल्प के लिए उपकरणों की मरम्मत, डेंटिंग-पेंटिंग और म्यूजिक सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वाहन रखरखाव और अनुशासन के लिए कई पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जगदीश चंद्र, मनोज कत्याल, अमित कुमार, सुमित पांडे, रविकांत सेमवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles