डीएम सविन बंसल का बड़ा एक्शन, मानकों के विपरीत संचालित 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त
देहरादून। सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जनपद में मानकों के विपरीत संचालित हो रहे होमस्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं। संबंधित होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सफाई” के तहत प्रथम चरण में 17 और द्वितीय चरण में 79 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त किया गया। प्रशासन की पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 136 निरीक्षण किए, जिनमें कई होमस्टे नियमों के विपरीत संचालित पाए गए।
प्रशासन के अनुसार कई होमस्टे होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तरह संचालित हो रहे थे। निरीक्षण में बिना अग्निशमन उपकरण, बिना फूड लाइसेंस, निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन, बारातघर और पार्टी स्थल के रूप में उपयोग जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई स्थानों पर रातभर बार संचालन, तेज डीजे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें भी मिलीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और ग्रामीण आय को बढ़ावा देना है, लेकिन कुछ लोग इसे व्यावसायिक होटल के रूप में चला रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रशासन ने सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में पंजीकृत होमस्टे की जांच के लिए विशेष समितियों का गठन किया था। जांच में कई होमस्टे लीज और किराये पर संचालित पाए गए, जबकि कई जगह मालिक स्वयं मौजूद नहीं थे। कुछ मामलों में विदेशी नागरिकों के ठहराव संबंधी अनिवार्य सी-फॉर्म भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध और नियम विरुद्ध संचालित होमस्टे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

