केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का आईजी गढ़वाल ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन हेतु दिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन के निर्देश

केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का आईजी गढ़वाल ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन हेतु दिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन के निर्देश
Spread the love

रुद्रप्रयाग। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र उत्तराखण्ड श्री राजीव स्वरूप रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर दर्शन हेतु बनाई गई लाइन व्यवस्था, आस्था पथ तथा श्रद्धालुओं की एंट्री-एग्जिट व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आईजी गढ़वाल ने मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल से संवाद कर ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली तथा जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि केदारनाथ धाम में सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु वर्षों की आस्था और योजनाओं के बाद बाबा केदार के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, ऐसे में पुलिस कर्मियों का दायित्व है कि वे श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें सुगम और सुरक्षित दर्शन कराएं।

उन्होंने ड्यूटीरत पुलिस बल की अब तक की सेवाओं की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि प्रतिदिन सामने आने वाली चुनौतियों के अनुसार जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। साथ ही उपस्थित पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा अवधि के दौरान प्रतिदिन सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को “Police Personnel of the Day” के रूप में सम्मानित किया जा रहा है। अब तक 41 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जा चुका है।

आईजी गढ़वाल ने पुलिस जवानों के स्वास्थ्य और कल्याण की जानकारी लेते हुए एसपी रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए कि पुलिस बल की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर बदली जाए तथा जवानों को उच्च कैलोरी युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का मनोबल उच्च बना रहना आवश्यक है ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकें।
पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने बताया कि ऋषिकेश से सोनप्रयाग और केदारनाथ धाम तक यात्रा मार्ग की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, प्रतीक्षा समय कम करने तथा व्यवस्थित एंट्री-एग्जिट के लिए बीकेटीसी, पुरोहित समाज एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक संजय उप्रेती, पुलिस उपाधीक्षक उमेश मलिक, निरीक्षक यात्रा मुकेश चौहान, चौकी प्रभारी केदारनाथ कुलदीप पंत सहित पुलिस, पीएसी, फायर, एलआईयू, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पैरामिलिट्री फोर्स, होमगार्ड्स एवं पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles