HTML tutorial
HTML tutorial

₹11.41 करोड़ के पुल का मुख्यमंत्री धामी ने किया शिलान्यास, सितारगंज के 50 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

₹11.41 करोड़ के पुल का मुख्यमंत्री धामी ने किया शिलान्यास, सितारगंज के 50 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
Spread the love

सितारगंज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग ₹11.41 करोड़ की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सिडकुल सितारगंज एवं विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने के लिए लगभग 9 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार शहरों से लेकर सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद एवं शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। शक्तिफार्म में PPP मॉडल के माध्यम से मिल्क पाउडर, आइसक्रीम एवं चीज निर्माण से संबंधित आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग ₹54 करोड़ की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों तथा मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि किच्छा में लगभग ₹351 करोड़ की लागत से 100 एकड़ भूमि पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सेटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य चल रहा है।

पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही गदरपुर एवं खटीमा बाईपास, बस अड्डों, खेल स्टेडियमों, साइकिलिंग ट्रैक और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनः शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल एवं सिंचाई जरूरतों को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles