अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर एसएसपी सर्वेश पंवार ने दिए सख्त निर्देश

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुलिस लाइन पौड़ी में माह अप्रैल की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता की समीक्षा की। बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया, जबकि निकटवर्ती थाना प्रभारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे।
गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा मामलों में संवेदनशील कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, न्यायालयीय वारंटों की तामिली तथा सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने चारधाम यात्रा और वर्तमान अग्निकाल को देखते हुए यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा पुलिस, अग्निशमन और प्रशासनिक टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने यात्रा मार्गों पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।
नशा उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और संरक्षण देने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों एवं नशा प्रभावित स्थानों पर नियमित चेकिंग और सघन गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अप्रैल माह में प्राप्त 78 शिकायतों में से 62 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि वर्ष 2026 में अब तक प्राप्त 338 शिकायतों में से 272 का निस्तारण किया जा चुका है। एसएसपी ने शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण पर विशेष बल दिया।
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, स्टंटबाजी, गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन और यातायात नियमों को लेकर विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
अग्निकाल को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और अग्निशमन इकाइयों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी आगजनी की सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अप्रैल माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कार्मिकों (उ0नि0 राजाराम डोभाल, उ0नि0 दिनेश चमोली, उ0नि0 वेद प्रकाश, म0उ0नि दीपिका बिष्ट, उ0नि0 मुकेश गैरोला, अ0उ0नि0 शशिभूषण, अ0उ0नि0 विजय नौटियाल, अ0उ0नि0 एहशान अली, मुख्य आरक्षी अनुज कुमार, मुख्य आरक्षी उत्तम सिंह, मुख्य आरक्षी प्रवेश कुमार, मुख्य आरक्षी नरेन्द्र कोटियाल, आरक्षी सुरेन्द्र कुमार, आरक्षी राजेश स्वामी, आरक्षी आदित्य कुमार, आरक्षी चन्द्रपाल, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी अभिषेक, महिला आरक्षी चन्दा, होमगार्ड कुलदीप) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उक्त गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार श्री अनूप काला, अभियोजन अधिकारी श्री राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी श्री तुषार बोरा, पुलिस उपाधीक्षक श्रीमती अस्मिता मंमगाई, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित समस्त निकटवर्ती थाना प्रभारी मौजूद रहे।

