कालाढूंगी पुलिस को बड़ी सफलता,हत्या के मामले में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कालाढूंगी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना कालाढूंगी में दर्ज प्राथमिकी संख्या 37/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अरुण सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार तलाश के आधार पर आरोपी को हल्द्वानी क्षेत्र के देवलचौड़ रोड स्थित रामजी विहार गेट नंबर-4 के सामने से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुकुल जैन ने वादिनी के पति वैभव कुमार के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। उपचार के दौरान दिल्ली स्थित Sir Ganga Ram Hospital में उनकी मृत्यु हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी मुकुल जैन पुत्र रमेश चंद्र जैन निवासी गंगोत्री विहार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, कांस्टेबल अखिलेश तिवारी तथा कांस्टेबल तेजपाल शामिल रहे।

