सीमांत क्षेत्र में होगा “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026”, तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने की समीक्षा

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आगामी “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विभागवार चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, साहसिक खेलों तथा वाइब्रेंट विलेज योजना को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलेगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन सिलेंडर, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराने तथा वैकल्पिक संचार व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान और विद्युत विभाग को आयोजन अवधि के दौरान पेयजल और विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रतिभागियों, आयोजन टीम और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सीमांत क्षेत्र में प्रतिभागियों के आवागमन को देखते हुए इनर लाइन परमिट प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग और संबंधित एजेंसियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी अरविन्द गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का आयोजन उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग, भारतीय सेना एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में बॉर्डर टूरिज्म इनिशिएटिव के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आयोजन के अंतर्गत 5, 10, 21, 42 और 75 किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 15 और 30 किलोमीटर की माउंटेन बाइक रेस भी आयोजित होगी। कार्यक्रम 31 मई से 2 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि 75 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन के लिए अब तक 150 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता का मार्ग रिमखिम–मलारी–नीति–मलारी निर्धारित किया गया है। आयोजन के लिए कुल 933 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 675 प्रतिभागी उत्तराखंड तथा 258 प्रतिभागी अन्य राज्यों से हैं। देश के 27 राज्यों से धावक इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित पांडेय, एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

