अल्मोड़ा और रानीखेत फायर सर्विस की तत्परता से जंगल की आग पर काबू, वन क्षेत्र और रिहायशी इलाकों को बड़े नुकसान से बचाया
अल्मोड़ा। जनपद में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं के बीच फायर सर्विस अल्मोड़ा एवं रानीखेत की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर जंगल की आग पर काबू पाया और वन संपदा के साथ रिहायशी क्षेत्रों को बड़े नुकसान से बचाया।
दिनांक 21 मई 2026 को फायर स्टेशन अल्मोड़ा को चितई से आगे जंगल क्षेत्र में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम तत्काल मौके पर पहुंची और MFE पंपिंग व होजरील की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूर्ण रूप से बुझाया गया। मौके पर वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। इस अभियान में LFM योगेश कुकशाल, FS DVR उमेश कुमार एवं FM जीवन जोशी शामिल रहे।
वहीं फायर स्टेशन रानीखेत को भी अलग-अलग स्थानों से जंगलों में आग लगने की सूचनाएं प्राप्त हुईं। रिची क्षेत्र, चिलियानौला, देवलीखेत, डिग्री कॉलेज क्षेत्र सहित कई स्थानों पर लगी आग तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रही थी, जिसे फायर यूनिट ने समय रहते नियंत्रित कर लिया। अग्निशमन टीम ने MFE पंपिंग और हाई प्रेशर होजरील की सहायता से आग बुझाई। पानी समाप्त होने पर जल संस्थान से दोबारा पानी भरकर लगातार राहत कार्य जारी रखा गया।
मासी रोड-जालली चमनपुरी रोड पर पेड़ गिरने की सूचना पर भी फायर यूनिट मौके पर पहुंची। वापसी के दौरान रास्ते में लगी जंगल की आग को भी बुझाकर टीम ने सतर्कता का परिचय दिया।
इसके अलावा 22 मई 2026 को चितई मंदिर एवं लीसा डिपो के पास जंगल में भीषण आग लगने की सूचना पर फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। आग तेजी से मंदिर, पार्किंग क्षेत्र, लीसा डिपो और आसपास के घरों की ओर फैल रही थी। फायर यूनिट ने अलग-अलग स्थानों से पंपिंग कर बड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
उधर रानीखेत फायर सर्विस ने डोरब गांव हल्द्वानी रोड के पंचायत घर के पास लगी जंगल की आग को भी समय रहते बुझाया। टीम द्वारा लगातार पानी की बौछार और आग को पीट-पीटकर पूरी तरह नियंत्रित किया गया।
इसी क्रम में फायर स्टेशन रानीखेत द्वारा जीआईसी द्वाराहाट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग, वनाग्नि से बचाव तथा LPG गैस सुरक्षा के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क और जागरूक बनाना रहा।

